भारत ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपना विजन और प्रस्तावित रोडमैप अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) के फ्यूचर होस्ट आयोग के समक्ष पेश किया है. यह प्रस्तुति वर्चुअल माध्यम से हुई.
भारतीय ओलंपिक संघ के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद की तैयारियों, खेल अवसंरचना, प्रस्तावित स्थलों के विकास, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी के अनुभव और खेलों की दीर्घकालिक योजना पर जानकारी दी. प्रतिनिधिमंडल में आईओए अध्यक्ष पी. टी. उषा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर और एथलीट्स आयोग की अध्यक्ष पी. वी. सिंधु शामिल रहीं.
भारत की 2036 दावेदारी का प्रस्ताव अहमदाबाद पर केंद्रित है. आईओए ने अक्टूबर 2024 में 2036 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए आशय पत्र भेजा था.
चयन प्रक्रिया में अगला चरण
IOC के अनुसार भारत उन सात इच्छुक पक्षों में शामिल है जो अभी ‘कंटीन्युअस डायलॉग’ चरण में हैं. मार्च 2027 में रणनीतिक संवाद के लिए सूची तैयार की जानी है, जबकि 2036 के मेजबान का चुनाव 2029 के मध्य में प्रस्तावित है. अहमदाबाद को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी करनी है, जिसे भारत की बड़ी खेल आयोजन तैयारियों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है.
