भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को रोमांचक फाइनल में आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराकर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. हालांकि, जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के जश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने युवा खिलाड़ियों के मैदान पर व्यवहार पर सवाल उठाते हुए उन्हें खेल भावना और संयम बरतने की सलाह दी.
शनिवार, 14 नवंबर को खेले गए फाइनल के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान के खिलाड़ियों की ओर आक्रामक इशारे करने का दावा किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, मनल चौहान, मोहित उल्वा और चिगुरुपति वेंकट के व्यवहार के बाद मैदान का माहौल गर्म हुआ और भारतीय सपोर्ट स्टाफ को हस्तक्षेप कर खिलाड़ियों को शांत कराना पड़ा.
मोहम्मद यूसुफ ने क्या कहा
मोहम्मद यूसुफ ने भारत की जीत को स्वीकार करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दबाव में पाकिस्तान को हराना दोनों टीमों और भविष्य के खिलाड़ियों के लिए सीखने का अवसर है. उन्होंने लिखा कि खिलाड़ी किसी मुकाबले में सिर्फ अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि अपनी परवरिश, मूल्यों और माता-पिता से मिले संस्कारों का भी प्रतिनिधित्व करते हैं.
यूसुफ ने जीत और हार, दोनों स्थितियों में सम्मानजनक और संयमित रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि असली खेल भावना नतीजे से आगे मैदान पर खिलाड़ी के व्यवहार में दिखाई देती है. अपनी पोस्ट में उन्होंने सचिन तेंदुलकर और सईद अनवर को भी आदर्श क्रिकेटरों के उदाहरण के तौर पर याद किया.
आखिरी गेंद पर भारत ने जीता मैच
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 337 रन बनाए. उस्मान खान ने 107, अब्दुल कादिर ने 80 और कप्तान फरहान यूसुफ ने 60 रन की पारी खेली. भारत की ओर से काव्य पटेल ने चार विकेट लिए.
338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 42वें ओवर में 252 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद मनल चौहान और मोहित उल्वा ने नौवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े. मनल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि मोहित 26 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे.
मनल के आउट होने के बाद भारत को 36 रन चाहिए थे और केवल एक विकेट बाकी था. सी. वेंकट ने आठ गेंदों पर नाबाद 11 रन बनाकर मोहित का साथ दिया. आखिरी ओवर में भारत को आठ रन चाहिए थे. अंतिम गेंद पर तीन रन की जरूरत थी, जिसे मोहित ने लॉन्ग ऑफ के ऊपर से छक्का लगाकर पूरा किया. भारत ने 339/9 के स्कोर के साथ एक विकेट से जीत दर्ज की.
