भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण की हार से उबरते हुए एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. अल अमीरात, ओमान में खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया. कप्तान लक्ष्म्य रायचंदानी ने खिताबी अभियान में सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग की भूमिका को अहम बताया.
आर्यवीर ने टूर्नामेंट की पांच पारियों में 361 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया. कप्तान के मुताबिक, आर्यवीर की आक्रामक शैली विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाती है, जिससे दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाज के लिए बल्लेबाजी आसान हो जाती है.
रायचंदानी ने कहा कि आर्यवीर के दबाव बनाने से गेंदबाजों को अपनी लय बदलनी पड़ती है और इसी दौरान दूसरे बल्लेबाज को ढीली गेंदें मिलने का मौका बनता है. कप्तान ने उन्हें अच्छा बल्लेबाज होने के साथ-साथ शानदार इंसान भी बताया.
पाकिस्तान से मिली हार से सीखे सबक
कप्तान ने बताया कि शुरुआती मुकाबले में पाकिस्तान से हार के बाद टीम ने उन क्षेत्रों की पहचान की, जहां सुधार की जरूरत थी. हालांकि, टीम ने अपनी मूल रणनीति पर भरोसा बनाए रखा और पूरे अभियान में सकारात्मक बनी रही.
रायचंदानी के अनुसार, टीम की बल्लेबाजी योजना सरल थी—पावरप्ले में अच्छी शुरुआत हासिल करना और कम से कम एक सेट बल्लेबाज को पारी के अंत तक टिकाए रखना. इससे लक्ष्य का पीछा करना आसान होता है. उन्होंने टीम के आपसी तालमेल और खिलाड़ियों पर गर्व जताते हुए कप्तानी को विशेष अनुभव बताया.
