भारत ने एशियाई खेल 2026 में अपना पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 216/3 का विशाल स्कोर बनाया और श्रीलंका की पूरी टीम को 69 रन पर आउट कर दिया.

इस जीत के साथ भारत के पदकों की संख्या सात हो गई है. भारतीय दल के खाते में अब एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक हैं. क्रिकेट में भारत लगातार दूसरी बार महिला वर्ग का एशियाई खेल स्वर्ण जीतने में सफल रहा. इससे पहले टीम ने 2023 में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था.

मंदाना और शेफाली ने दी तेज शुरुआत

भारत की पारी की नींव स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने रखी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन जोड़े. शेफाली ने 29 गेंदों पर 48 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 45 गेंदों में 79 रन की आक्रामक पारी खेली. मंधाना ने अपनी पारी के दौरान अर्धशतक भी पूरा किया.

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 19 रन बनाए. इसके बाद ऋचा घोष ने तेजी से रन जुटाते हुए भारत को 200 रन के पार पहुंचाया. ऋचा 22 गेंदों पर 49 रन बनाकर नाबाद रहीं. उनकी पारी में छह चौके और तीन छक्के शामिल थे. भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 13 छक्के लगाए और एशियाई खेलों के महिला क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया.

गेंदबाजों ने श्रीलंका को 69 रन पर रोका

बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. दीप्ति शर्मा ने 6 रन देकर तीन विकेट लिए. शेफाली वर्मा ने 3 रन, श्रेयंका पाटिल ने 9 रन और श्री चरणी ने 13 रन देकर दो-दो विकेट हासिल किए. इन प्रदर्शनों के दम पर श्रीलंका 69 रन पर सिमट गया.

भारत अब एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट के दो स्वर्ण पदक जीतने के मामले में पाकिस्तान के बराबर पहुंच गया है. पाकिस्तान ने 2010 और 2014 में यह खिताब जीता था. भारत ने उन दोनों संस्करणों में क्रिकेट स्पर्धा में भाग नहीं लिया था.

भारत की पुरुष क्रिकेट टीम, जो मौजूदा चैंपियन है, 28 सितंबर को दूसरे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी.