रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को भारत और जिम्बाब्वे महिला टीमों के बीच तीसरा और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जा रहा है. भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया.
भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि टीम का लक्ष्य मध्यक्रम की बल्लेबाजों को अधिक समय देना है. उन्होंने सकारात्मक अंदाज में खेलने और 180 से अधिक रन बनाने की उम्मीद जताई.
भारत ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. पहले टी20 में भारत ने चार विकेट से और दूसरे मैच में नौ विकेट से जीत दर्ज की थी. अब टीम की नजर सीरीज में 3-0 की क्लीन स्वीप पर है.
भारत ने अंतिम मुकाबले के लिए एक बदलाव किया है. स्री चरणी को आराम दिया गया है और उनकी जगह प्रेमा रावत को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है. इस सीरीज के बाद भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज वडोदरा में खेली जाएगी.
