इंदौर में विश्व स्नूकर चैंपियनशिप का आयोजन 12 से 23 नवंबर तक यशवंत क्लब में किया जा रहा है. प्रतियोगिता में कई देशों के शीर्ष क्यूइस्ट हिस्सा लेने की उम्मीद है. यह आयोजन मध्य प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय क्यू स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
इस चैंपियनशिप की मेजबानी ऐसे समय हो रही है, जब Billiards and Snooker Federation of India (BSFI) अपने गठन की शताब्दी वर्षगांठ मना रहा है. मध्य प्रदेश Billiards and Snooker Association के अध्यक्ष भोलू मेहता ने कहा कि आयोजन राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मुकाबले करीब से देखने का अवसर मिलेगा.
स्नूकर की शुरुआत 1875 में भारत में ब्रिटिश सेना के अधिकारियों के बीच हुई थी. करीब 150 साल बाद इस खेल की विश्वस्तरीय प्रतियोगिता का इंदौर पहुंचना इसके ऐतिहासिक संबंध को रेखांकित करता है.
मध्य प्रदेश ने हाल के वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्यू स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं की मेजबानी की है. राज्य के खिलाड़ियों में केतन चावला, अमी कमानी, सांवी शाह और इशिका शाह सहित कई नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं.
