भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने अपनी कार्यकारी परिषद के चुनाव 5 दिसंबर को कराने की घोषणा की है. चुनावी प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूर्व चुनाव आयुक्त संजय कुमार श्रीवास्तव को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है.

आईओए की मौजूदा कार्यकारी परिषद का कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा है. ऐसे में नई परिषद के लिए मतदान कार्यकाल खत्म होने से पांच दिन पहले कराया जाएगा.

आईओए के अनुसार, श्रीवास्तव चुनावी प्रक्रिया के सभी अहम चरणों की देखरेख करेंगे. इसमें मतदाता सूची तैयार करना, नामांकन लेना, नामांकन पत्रों की जांच, मतदान, मतगणना और परिणामों की घोषणा शामिल है. श्रीवास्तव सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं और दिल्ली तथा चंडीगढ़ के चुनाव आयुक्त रह चुके हैं.

एथलीट्स कमीशन के लिए 3 नवंबर को मतदान

कार्यकारी परिषद चुनाव से पहले आईओए एथलीट्स कमीशन के चुनाव कराएगा. वर्ष 2026 से 2030 के कार्यकाल के लिए मतदान, मतगणना और परिणाम की घोषणा 3 नवंबर को निर्धारित है.

राष्ट्रीय खेल महासंघों को अपनी विधिवत गठित एथलीट्स कमीशन के माध्यम से दो-दो खिलाड़ी प्रतिनिधि नामित करने हैं. इन नामांकनों की अंतिम समय-सीमा 11 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक रखी गई है. प्रस्तावित एथलीट्स कमीशन में 10 निर्वाचित सदस्य होंगे, जिनमें पांच पुरुष और पांच महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे. इसमें ओलंपिक श्रेणी के खेलों तथा बड़ी प्रतियोगिताओं में सफलता पाने वाले खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व का प्रावधान बताया गया है.

उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची के लिए आवेदन शुरू

आईओए ने स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट (एसओएम) सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. इसका पहला चरण 18 सितंबर से शुरू हुआ. पात्र खिलाड़ियों से सूची में शामिल होने के लिए आवेदन मांगे गए हैं और सहायक दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 18 अक्टूबर तय की गई है.

आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि 2026 के चुनाव खेल प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और खिलाड़ी-केंद्रित संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं. उन्होंने कहा कि अनुभवी पूर्व चुनाव आयुक्त की नियुक्ति स्वतंत्र और विश्वसनीय चुनावी प्रक्रिया के प्रति आईओए की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.

आईओए के मुताबिक, चुनाव संबंधी अधिसूचनाएं, फॉर्म, मतदाता सूची और अन्य जानकारी उसके आधिकारिक माध्यमों तथा निर्धारित चुनाव संचार चैनलों पर उपलब्ध कराई जाएगी.