ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज में तीन बड़े रिकॉर्ड के करीब हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को क्राइस्टचर्च में खेला जाना है. इसके बाद भारत को दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज भी खेलनी है.

किशन को एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने के लिए केवल सात रन चाहिए. उन्होंने इस साल 34 T20I पारियों में 1,158 रन बनाए हैं. उनका औसत 37.35 और स्ट्राइक रेट 172.06 है. इस दौरान उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक लगाए हैं. सूर्यकुमार यादव ने 2022 में 1,164 T20I रन बनाकर भारतीय रिकॉर्ड कायम किया था.

किशन की नजर टेस्ट खेलने वाले देशों के बल्लेबाजों के कैलेंडर-वर्ष T20I रिकॉर्ड पर भी है. पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने 2021 में 1,326 रन बनाए थे. इस रिकॉर्ड को पार करने के लिए किशन को 139 रन और बनाने होंगे.

2,000 T20I रन के करीब किशन

अंतरराष्ट्रीय T20 में किशन 2,000 रन पूरे करने से 46 रन दूर हैं. उन्होंने 66 मैचों में 1,954 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं. उनका औसत 31.51 और स्ट्राइक रेट 148.81 है.

किशन इस साल कुल T20 क्रिकेट में भी 1,760 रन बना चुके हैं. 49 मैचों में उनका औसत 38.26 और स्ट्राइक रेट 175 से अधिक है. 2,000 रन पूरे करने के लिए उन्हें 240 रन और चाहिए. ऐसा करने पर वह एक कैलेंडर वर्ष में 2,000 T20 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनेंगे. वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन और रिजवान यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. पूरन ने 2024 में 2,331 और रिजवान ने 2021 में 2,036 रन बनाए थे.