आयरलैंड के तेज गेंदबाज जाई मूंद्रा ने नामीबिया के खिलाफ चौथे वनडे में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बना दिया. विंडहोक के हाई परफॉर्मेंस ओवल में खेले गए मुकाबले में मूंद्रा ने 10 ओवर में सिर्फ 26 रन देकर छह विकेट हासिल किए.

मूंद्रा की गेंदबाजी की बदौलत आयरलैंड ने अपने 298 रन के स्कोर का सफलतापूर्वक बचाव किया और नामीबिया को 130 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ पांच मैचों की वनडे सीरीज 2-2 से बराबर हो गई. सीरीज का निर्णायक पांचवां मुकाबला रविवार, 1 नवंबर को विंडहोक में खेला जाएगा.

जोश लिटिल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

मूंद्रा के आंकड़े आयरलैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन बन गए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड जोश लिटिल के नाम था, जिन्होंने 15 दिसंबर 2023 को हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ 36 रन देकर छह विकेट लिए थे. मूंद्रा ने समान छह विकेट लेते हुए 10 रन कम दिए.

29 वर्षीय मूंद्रा इस साल भारत के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में आयरलैंड के लिए पदार्पण कर चुके हैं. वह वनडे में आयरलैंड के लिए छह विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा करने वाले पांचवें आयरिश खिलाड़ी हैं. एंडी मैकब्राइन आयरलैंड के एकमात्र ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने वनडे में एक से अधिक बार छह विकेट लिए हैं.

नामीबिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मूंद्रा का प्रदर्शन दूसरा सर्वश्रेष्ठ है. इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्ग्रा शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 2003 विश्व कप में नामीबिया के खिलाफ 15 रन देकर सात विकेट लिए थे.