जापान में क्रिकेट की शुरुआत से जुड़ा 163 साल पुराना एक मुकाबला आज भी अपने असामान्य सुरक्षा इंतजामों के लिए याद किया जाता है. 12 मई 1863 के आसपास योकोहामा में खेले गए इस मैच में कुछ खिलाड़ियों के पास रिवॉल्वर थे. विकेटकीपर अपना हथियार एक विकेट से दूसरे विकेट तक ले जाता और उसे स्टंप्स के पीछे रख देता था.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मुकाबला ब्रिटिश नौसेना की टीम और जापान में रह रहे ब्रिटिश प्रवासियों से बनी ‘शोर टीम’ के बीच हुआ था. उस समय खिलाड़ियों को तेजधार तलवारों वाले समुराई के संभावित हमले का डर था. मैदान की सुरक्षा के लिए राइफल से लैस सैनिकों की एक छोटी टुकड़ी भी तैनात की गई थी. हालांकि, मैच के दौरान कोई हमला नहीं हुआ.

इस मुकाबले की जानकारी ब्रिटिश इतिहास शोधकर्ता माइक गैल्ब्रेथ के प्रयासों से 2012 में सामने आई. जापान में खेलों के इतिहास पर शोध करते समय उन्हें पूर्व ब्रिटिश एडमिरल सर हैरी रॉसन का Wisden में प्रकाशित शोकलेख मिला. उसमें रॉसन के जापान के पहले क्रिकेट मैच में खेलने का उल्लेख था. इसके बाद गैल्ब्रेथ को मैच में शामिल रहे जेम्स कैंपबेल फ्रेजर का एक लेख मिला, जिसमें विकेटकीपर के रिवॉल्वर रखने का वर्णन था.

गैल्ब्रेथ ने पहले मैच का समय जून के अंत के आसपास माना था, लेकिन नौसेना अधिकारी की डायरी मिलने के बाद उन्होंने तारीख मई के मध्य की बताई. यह जापान में शोगुनेट शासन के अंतिम वर्षों का दौर था. एक अंग्रेज व्यापारी की हत्या के बाद विदेशियों के खिलाफ तनाव बढ़ गया था और उन्हें जून 1863 के अंत तक देश छोड़ने को कहा गया था.

नौसेना की टीम ने मैच जीता. पांच साल बाद योकोहामा में जापान का पहला क्रिकेट क्लब बना, लेकिन खेल को लोकप्रिय होने में लंबा समय लगा. जापान क्रिकेट संघ के अनुसार, देश में अब करीब 7,300 खिलाड़ी और लगभग 14,000 वार्षिक प्रतिभागी हैं.