सौराष्ट्र के कप्तान जयदेव उनादकट ने पुरुषों के टी20 क्रिकेट में नंबर 11 पर बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बना दिया. इंदौर के होलकर स्टेडियम में तमिलनाडु के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले में उनादकट ने 26 गेंदों पर 40 रन बनाए. उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे.

उनादकट ने इंग्लैंड के डैनी ब्रिग्स का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा. ब्रिग्स ने 2020 में एडिलेड स्ट्राइकर्स की ओर से होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ नंबर 11 पर नाबाद 35 रन बनाए थे. इस सूची में डोमिनिक ड्रेक्स 34 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं.

सौराष्ट्र की पारी 92 रन पर नौ विकेट गंवाने के बाद मुश्किल में थी. इसके बाद उनादकट और चेतन सकारिया ने 10वें विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर टीम की वापसी की उम्मीद जगाई. यह साझेदारी टी20 क्रिकेट में 10वें विकेट के लिए संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. 63 रन की साझेदारी का रिकॉर्ड ग्रांट इलियट और जुल्फिकार बाबर के नाम है, जो उन्होंने 2016 के पाकिस्तान सुपर लीग में बनाई थी.

तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 192 रन बनाए. सनी संधू ने 17 गेंदों पर छह छक्कों की मदद से 44 रन बनाए. आंद्रे सिद्धार्थ ने 38, बालासुब्रमण्यम सचिन ने 37 और आर राजकुमार ने 36 रन का योगदान दिया. सकारिया ने सौराष्ट्र के लिए तीन विकेट लिए.

लक्ष्य का पीछा करते हुए सौराष्ट्र 16.4 ओवर में 154 रन पर ऑलआउट हो गया. संधू ने गेंदबाजी में भी चार विकेट लिए, जबकि आर साई किशोर ने तीन विकेट झटके. 38 रन की हार के साथ सौराष्ट्र सुपर लीग चरण में पहुंचने की दौड़ से बाहर हो गया. टीम ने शुरुआती चार मैच जीतने के बाद लगातार तीन मुकाबले गंवाए. पंजाब ने ग्रुप बी से क्वालीफाई किया.