गुजरात की 14 वर्षीय जेंसी कनाबार भारतीय महिला टेनिस में नया रिकॉर्ड बनाने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने HCL ITF W15 कोलकाता टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नीदरलैंड्स की फ्लोरेंटाइन डेकर को 6-1, 6-0 से हराकर पेशेवर एकल फाइनल में जगह बनाई. जेंसी ने यह मुकाबला 54 मिनट में जीता.

14 साल 11 महीने की जेंसी ने सैनिया मिर्जा का 24 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. सैनिया ने 2002 में हैदराबाद में 15 साल 10 महीने की उम्र में ITF एकल फाइनल में पहुंचकर यह उपलब्धि हासिल की थी. जेंसी अब उनसे करीब एक साल कम उम्र में पेशेवर एकल फाइनल में पहुंची हैं.

चार मुकाबले, एक भी सेट नहीं गंवाया

टूर्नामेंट में गैरवरीय जेंसी ने अब तक अपने सभी चार मुकाबले बिना कोई सेट गंवाए जीते हैं. उन्होंने पहले दौर में हमवतन रिया सचदेवा को 6-1, 6-2 और दूसरे दौर में डेनमार्क की एलेना जमशीदी को 6-3, 6-0 से हराया.

रूस की चौथी वरीय मारिया कल्याकिना के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में जेंसी को कड़ी चुनौती मिली. पहले सेट में वह 3-5 से पिछड़ गई थीं और टाई-ब्रेक में भी 1-4 से पीछे थीं. इसके बाद उन्होंने लगातार छह अंक जीतकर टाई-ब्रेक 7-4 से अपने नाम किया. दूसरे सेट में उन्होंने 6-2 से जीत दर्ज की.

फाइनल में जेंसी का सामना इंडोनेशिया की शीर्ष वरीय प्रिस्का मैडलीन नुग्रोहो से होगा. नुग्रोहो ने दूसरे सेमीफाइनल में थाईलैंड की कामोनवान योदपेच को 6-1, 6-4 से हराया. जेंसी के पास अब अपना पहला पेशेवर एकल खिताब जीतकर इस रिकॉर्डतोड़ अभियान को पूरा करने का मौका है.