इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट टेस्ट क्रिकेट की चौथी पारी में 2,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान यह उपलब्धि हासिल की. रूट ने लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 62 रन बनाए.

इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य था, लेकिन टीम ने पहली ही ओवर में बेन डकेट और एमिलियो गे का विकेट गंवा दिया. स्कोर 2 रन पर 2 विकेट होने के बाद रूट ने जॉर्डन कॉक्स के साथ पारी संभाली. इंग्लैंड ने 130/2 का स्कोर बनाकर आठ विकेट से जीत दर्ज की. कॉक्स 59 रन बनाकर नाबाद रहे. इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज़ 3-0 से जीत ली.

रूट के चौथी पारी के टेस्ट रनों की संख्या अब 2,059 हो गई है. इस सूची में सचिन तेंदुलकर 1,625 रन के साथ दूसरे, जबकि एलिस्टेयर कुक और ग्रीम स्मिथ 1,611-1,611 रन के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं.

एजबेस्टन में भी बनाया नया रिकॉर्ड

रूट एजबेस्टन में टेस्ट क्रिकेट में 1,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए. मैच से पहले उनके नाम इस मैदान पर 948 रन थे और उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 52 रन चाहिए थे. उनकी नाबाद 62 रन की पारी के बाद एजबेस्टन में उनके कुल टेस्ट रन 1,018 हो गए.

रूट अब चार अलग-अलग टेस्ट मैदानों पर 1,000 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में जैक्स कैलिस और रिकी पोंटिंग के साथ शामिल हो गए हैं. लॉर्ड्स में उनके 2,203, मैनचेस्टर में 1,128 और द ओवल में 1,050 रन हैं.

यह रूट का टेस्ट क्रिकेट में 69वां अर्धशतक था. इसके साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 68 अर्धशतकों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. रूट के नाम अब 41 शतक और 69 अर्धशतक समेत 110 पचास-प्लस स्कोर हैं.