जोश हेजलवुड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरबन के किंग्समीड में खेले गए पहले टेस्ट में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली को टेस्ट विकेटों के मामले में पीछे छोड़ दिया. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 214 रन से जीत लिया.

हेजलवुड ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में 49 रन देकर छह विकेट लिए. इससे पहले उन्होंने पहली पारी में दो विकेट हासिल किए थे. मैच में कुल आठ विकेट के साथ उनके टेस्ट विकेटों की संख्या 311 हो गई, जबकि ब्रेट ली के नाम 310 विकेट हैं.

इस उपलब्धि के बाद हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाजों की सूची में छठे और देश के सभी टेस्ट गेंदबाजों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए. ऑस्ट्रेलिया के लिए शेन वॉर्न 708 विकेट के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि नाथन लायन 573 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. मिशेल जॉनसन के नाम 313 टेस्ट विकेट हैं.

हेजलवुड ने इस मैच के दौरान टेस्ट क्रिकेट के सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की वैश्विक सूची में केमार रोच, फ्रेड ट्रूमैन, लांस गिब्स और मोर्ने मॉर्केल को भी पीछे छोड़ा. वह भारत के ईशांत शर्मा और जहीर खान के 311-311 टेस्ट विकेटों की बराबरी पर पहुंच गए हैं.

अंतिम दिन दक्षिण अफ्रीका ने 102/4 से पारी आगे बढ़ाई थी और उसे लक्ष्य तक पहुंचने के लिए 319 रन चाहिए थे. टीम 206 रन पर ऑलआउट हो गई. हेजलवुड ने वियान मुल्डर, मार्को यानसन, साइमन हार्मर और एनरिक नॉर्खिया को आउट किया. मिशेल स्टार्क ने एडेन मार्करम की 75 रन की पारी समाप्त की.