भारत की महिला क्रिकेट टीम ने दुबई में श्रीलंका को 72 रन से हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप का खिताब जीता. हालांकि, मैच के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन समारोह में टीम की गैरमौजूदगी ने जीत के जश्न के बीच एक अलग विवाद खड़ा कर दिया.

एशियाई क्रिकेट परिषद के प्रमुख मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, से भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी नहीं ली. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव से जब इस फैसले पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब दिया, “सबसे कहो गोल्फ खेलें.”

यह घटनाक्रम 2025 के पुरुष एशिया कप के दौरान हुई ऐसी ही घटना की याद दिलाता है. तब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने भी नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था.

बीसीसीआई ने पहले ही आयोजकों को बता दिया था रुख

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि बोर्ड ने पुरस्कार वितरण समारोह से पहले ही आयोजकों को अपना रुख बता दिया था. उनके मुताबिक, यह फैसला आयोजन स्थल पर अचानक लिया गया निर्णय नहीं था.

सैकिया ने कहा कि बोर्ड ने आयोजकों को स्पष्ट कर दिया था कि अगर ट्रॉफी वितरण तय प्रारूप में कराया गया तो भारतीय टीम उसमें शामिल नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि टीम बाद में ट्रॉफी हासिल करेगी.

बीसीसीआई सचिव के अनुसार, यह फैसला खिलाड़ियों ने स्वतंत्र रूप से नहीं लिया था. उन्होंने दावा किया कि बोर्ड, टीम और खिलाड़ियों के बीच इस मुद्दे पर पूरी सहमति थी और सभी ने बीसीसीआई की तय नीति के अनुरूप एकजुट होकर निर्णय लिया.