केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन अपने टेस्ट करियर का 13वां शतक पूरा किया. तेज गेंदबाज जैकब डफी की गेंद पर एक रन लेकर राहुल ने यह उपलब्धि हासिल की. यह इस साल टेस्ट क्रिकेट में उनका दूसरा शतक है. इससे पहले उन्होंने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ 100 रन बनाए थे.

ओपनर के तौर पर राहुल का यह 12वां टेस्ट शतक है. इसके साथ वह गौतम गंभीर और रोहित शर्मा से आगे निकल गए हैं, दोनों ने टेस्ट ओपनर के रूप में नौ-नौ शतक बनाए हैं. राहुल इस सूची में मुरली विजय के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं. उनसे आगे सुनील गावस्कर 33 शतकों और वीरेंद्र सहवाग 22 शतकों के साथ मौजूद हैं.

2021 के बाद भी लगातार प्रदर्शन

2021 के बाद टेस्ट ओपनर के रूप में राहुल ने सात शतक लगाए हैं. इस आंकड़े में वह इंग्लैंड के बेन डकेट, भारत के यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं. मौजूदा 2025-27 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में भी राहुल, न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड के साथ ओपनर के तौर पर चार-चार शतकों के साथ आगे चल रहे हैं.

चारों SENA देशों में शतक

वेलिंगटन का शतक राहुल का न्यूजीलैंड में पहला टेस्ट शतक है. इसके साथ वह दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यानी चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं. चारों देशों में उनके शतकों की कुल संख्या सात हो गई है.

राहुल चारों SENA देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज हैं. उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.