फुटबॉल प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है. बार्सिलोना और रियाल मैड्रिड के पूर्व खिलाड़ियों के बीच लीजेंड्स क्लासिको 25 नवंबर 2026 को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन यानी साल्ट लेक स्टेडियम में खेला जाएगा. मुकाबले की घोषणा पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री इंद्रनील खान ने की है.

यह मैच दोनों क्लबों की मौजूदा टीमों के बीच नहीं, बल्कि उनके पूर्व और रिटायर्ड खिलाड़ियों के बीच होगा. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक रियाल मैड्रिड के पूर्व स्टार लुईस फिगो और इकर कैसियास तथा बार्सिलोना के दिग्गज कार्लेस पुयोल के इसमें शामिल होने की उम्मीद है. हालांकि, दोनों टीमों के पूरे खिलाड़ियों की सूची अभी जारी नहीं हुई है.

मुकाबले को ‘लेजेंड्स इंडिया टूर 2026’ का हिस्सा बताया गया है. टिकटों की बिक्री, मैच शुरू होने का समय और लाइव प्रसारण को लेकर आयोजकों की ओर से अभी विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है. भारत में इससे पहले अप्रैल 2025 में मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दोनों क्लबों के पूर्व खिलाड़ियों का मुकाबला हुआ था, जिसमें रियाल मैड्रिड लीजेंड्स ने 2-0 से जीत दर्ज की थी.