बार्सिलोना और स्पेन के युवा फुटबॉल सितारे लामिन यमाल की सफलता के पीछे उनके परिवार के साथ शुरुआती कोचों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. CF La Torreta के युवा समन्वयक इनोसेंटे डिएज ने बताया कि जब यमाल के पिता उन्हें प्रशिक्षण के लिए नहीं ले जा पाते थे, तब वह खुद कार से उन्हें लेने और छोड़ने जाते थे.

डिएज के मुताबिक, यमाल करीब चार साल की उम्र में अपने माता-पिता मुनिर और शीला के साथ La Torreta पहुंचे थे. उस उम्र में कई बच्चे मैदान पर जल्दी ऊब जाते थे. कुछ रोते थे, कुछ घास या मैदान में पड़े रबर के कणों से खेलने लगते थे. यमाल का ध्यान हालांकि सिर्फ गेंद पर रहता था. वह गेंद अपने साथियों से ले लेते और लगातार गोल करने की कोशिश करते रहते थे.

डिएज ने याद किया कि अभ्यास खत्म होने के बाद भी यमाल मैदान छोड़ना नहीं चाहते थे. कोचों को उन्हें कई बार बाहर बुलाना पड़ता था. उनके अनुसार, यमाल का गेंद पर नियंत्रण, मैदान पर चलने का अंदाज और खेल को समझने की क्षमता इतनी कम उम्र में भी बाकी बच्चों से अलग थी. डिएज ने उन्हें “एक लाख में एक” प्रतिभा बताया था.

कोच की कार में बार्सिलोना की बातें

यमाल के परिवार की कामकाजी जिम्मेदारियों के बीच डिएज की मदद ने उनके प्रशिक्षण को जारी रखने में भूमिका निभाई. डिएज और यमाल के बीच करीब 50 साल का उम्र-अंतर था, लेकिन कार की यात्राओं में दोनों फुटबॉल और बार्सिलोना के नतीजों पर चर्चा करते थे. डिएज की बेटी भी यमाल की मां के साथ एक फास्ट-फूड रेस्तरां में काम करती थीं, जिससे दोनों परिवारों के बीच परिचय और मजबूत था.

यमाल के शुरुआती प्रशिक्षण से जुड़े अर्जेंटीना के कोच लियो जियोर्डानेला ने भी उनके बचपन की प्रतिभा को याद किया. जियोर्डानेला के अनुसार, वह पहली बार यमाल को एक पार्क में देखे थे, जहां यमाल के पिता अपने दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने आते थे. लंबे घुंघराले बालों वाला छोटा बच्चा पूरे समय गेंद के पीछे दौड़ता रहता था और गेंद उसके शरीर से बड़ी लगती थी.

जियोर्डानेला ने बताया कि पांच या छह साल की उम्र में ही यमाल गेंद रोकने, दिशा बदलने, स्टेपओवर करने और गोलकीपर के ऊपर से गेंद डालकर गोल करने लगे थे. हालांकि, उनकी एक आदत कोचों के लिए चुनौती भी थी. यमाल गेंद अपने पास रखना पसंद करते थे और कई बार टीम के साथियों को पास देने के बजाय खुद ही पूरा खेल बदलने की कोशिश करते थे.

इसी वजह से जियोर्डानेला ने उन्हें दो-तीन बार बेंच पर भी बैठाया. उनका उद्देश्य यमाल को टीमवर्क और पासिंग का महत्व समझाना था. कोच चाहते थे कि वह व्यक्तिगत कौशल के साथ-साथ सामूहिक खेल और टिकि-टाका की शैली को भी अपनाएं. डिएज के मुताबिक, यमाल घर में खाने की मेज के चारों ओर ड्रिब्लिंग करते और पार्क में अपने पिता के कुत्तों के साथ खेलते हुए गेंद पर नियंत्रण का अभ्यास करते थे.

धीरे-धीरे उन्होंने सही समय पर पास देना सीखा. डिएज ने बताया कि जब यमाल ने गोल के साथ असिस्ट भी करना शुरू किया, तो उनका प्रभाव और बढ़ गया. कई मैचों में वह खुद कई गोल करने के साथ साथियों को भी गोल के मौके बनाकर देते थे.

2014 में बार्सिलोना की अकादमी पहुंचे

सात साल की उम्र में, 2014 में, यमाल ने बार्सिलोना की युवा अकादमी में जगह बनाई. उन्होंने एस्पान्योल में भी ट्रायल दिया था, लेकिन अंततः बार्सिलोना को चुना. इसके बाद उनका विकास क्लब और स्पेन की राष्ट्रीय टीम के साथ हुआ.

यमाल के शुरुआती सफर का एक खास संबंध लियोनेल मेसी से भी जुड़ता है. 2007 की एक चर्चित तस्वीर में 19 वर्षीय मेसी तीन महीने के यमाल को नहलाते दिखाई दिए थे. बाद में मेसी ने उस तस्वीर को “अविश्वसनीय” बताया और यमाल को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक कहा.

जियोर्डानेला के लिए यमाल और अर्जेंटीना के प्रति भावनाएं साथ-साथ जुड़ी हैं. उन्होंने कहा कि वह अर्जेंटीना और मेसी से गहरा लगाव रखते हैं, लेकिन यमाल के लिए भी उनके मन में बहुत स्नेह है. उन्होंने मजाक में कहा था कि अगर यमाल अर्जेंटीना के खिलाफ गोल करते हैं, तो वह उनसे नाराज हो जाएंगे.