मैनपाट टाइटंस ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन संस्करण का खिताब जीत लिया है. फाइनल मुकाबले में टीम ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की.
छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस लीग में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी टीमों ने हिस्सा लिया था. फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया और उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा मौजूद रहे. अतिथियों ने विजेता टीमों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए.
मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने तेज शुरुआत की और शुरुआती दौर में आक्रमण बनाए. टीम ने सर्कल में प्रवेश कर कई मौके बनाए. मैच के तीसरे क्वार्टर में संदीप ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैनपाट का स्कोर 2-1 किया. इसके बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए बराबरी हासिल की. अंतिम दौर में मैनपाट ने बेहतर टीमवर्क के दम पर दो और गोल किए और मुकाबला 4-2 से जीत लिया.
लीग में कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि बांटी गई. मैनपाट टाइटंस को विजेता के तौर पर 11 लाख रुपये, जबकि संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को उपविजेता के रूप में 6 लाख रुपये मिले.
शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया. आशीष तानी पूर्ति 13 गोल के साथ टॉप स्कोरर रहे और हिमांशु को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला. स्थानीय खिलाड़ी मोहित नायक को सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ खिलाड़ी तथा संदीप कुमार को अंडर-21 इमर्जिंग प्लेयर चुना गया. अभिषेक को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और मोहित को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया.
