डरबन के किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी टेस्ट मैच में मैट रेनशॉ ने 190 रन की शानदार पारी खेलकर विराट कोहली का लगभग एक दशक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. रेनशॉ टेस्ट पारी में निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
रेनशॉ ने निचले क्रम के साथ साझेदारियों में कुल 174 रन बनाए. इससे उन्होंने 2016 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 235 रन की पारी के दौरान कोहली द्वारा बनाए गए 171 रन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.
ऑस्ट्रेलिया की टीम एक समय 124 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद रेनशॉ ने कप्तान पैट कमिंस के साथ 86 रन की साझेदारी में 41 रन जोड़े. उन्होंने मिशेल स्टार्क के साथ 20 रन की साझेदारी में 12 रन बनाए.
नाथन लियोन के साथ उनकी साझेदारी सबसे बड़ी रही. दोनों ने नौवें विकेट के लिए 134 रन जोड़े, जिसमें रेनशॉ का योगदान 100 रन था. इसके बाद उन्होंने जोश हेजलवुड के साथ 26 रन की साझेदारी में 21 रन बनाए. इन साझेदारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 390 रन पर समाप्त हुई.
रेनशॉ ने 397 गेंदों का सामना किया और 21 चौके तथा एक छक्का लगाया. वह अपने पहले टेस्ट दोहरे शतक से 10 रन दूर रह गए. साइमन हार्मर ने उन्हें आउट कर उनकी लंबी पारी का अंत किया. कमिंस ने 43 रन बनाए, जबकि लियोन ने 92 गेंदों पर 27 रन का योगदान दिया.
रेनशॉ की पारी डरबन में किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर भी है. उन्होंने फिलिप ह्यूज के 2009 में बनाए 160 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा. इसके अलावा, किंग्समीड में नंबर पांच या उससे नीचे बल्लेबाजी करने वाले किसी बल्लेबाज का यह सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है.
जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 27 रन बनाए और वह ऑस्ट्रेलिया से 363 रन पीछे था. जोश हेजलवुड ने रयान रिकेल्टन को शून्य पर आउट किया. खराब रोशनी के कारण खेल जल्दी रोकना पड़ा. एडेन मार्करम 15 और डेविड बेडिंघम 12 रन बनाकर नाबाद थे.
