चार बार के फॉर्मूला 1 विश्व चैंपियन मैक्स वेरस्टैपेन ने सिल्वरस्टोन में आयोजित प्रदर्शनी कार्ट रेस में 100 शौकिया ड्राइवरों को पीछे छोड़ दिया. उन्होंने यह चुनौती सिर्फ 14 लैप और 35 मिनट में पूरी की. रेस के लिए उन्हें अधिकतम 35 लैप या 75 मिनट का समय दिया गया था.
यह रेस नॉर्थम्पटनशायर स्थित ग्रां प्री सर्किट के अनुकूलित ट्रैक पर हुई. वेरस्टैपेन को 100 कर्टर्स के पीछे से शुरुआत करनी थी. पहले लैप के दौरान कई ड्राइवरों के दुर्घटनाग्रस्त होने या घूम जाने के कारण रेस को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. इसके बावजूद वेरस्टैपेन पहले लैप के अंत तक 37वें स्थान पर पहुंच गए.
वह छठे लैप की शुरुआत तक 10वें और 10वें लैप तक चौथे स्थान पर पहुंच चुके थे. जिन ड्राइवरों को उन्होंने पार किया, उन्हें रेस से रिटायर होना पड़ा. आखिरी चरण में उनके सामने डच F1 पत्रकार जैकी मार्टेंस, Red Bull के इंजन बिल्डर लुईस ओस्लर और YouTuber जैक ऑलसॉप थे. इस रेस में कोई पेशेवर रेसिंग ड्राइवर शामिल नहीं था.
इन तीनों को वेरस्टैपेन से बचने के लिए एक अतिरिक्त ‘फास्ट लैप’ दिया गया था, जिसमें वे ट्रैक के एक हिस्से को काट सकते थे. हालांकि, वेरस्टैपेन ने अंततः सभी को पीछे छोड़ दिया. क्वॉलिफाइंग में पोल पोजिशन हासिल करने वाले मार्टेंस उनके चुनौती पूरी करने से पहले पार किए गए अंतिम ड्राइवर थे.
वेरस्टैपेन ने रेस के दौरान रेडियो पर प्रतिभागियों से कहा था, “यह कोई चैरिटी इवेंट नहीं है.” जीत के बाद उन्होंने कहा कि कार्ट में लौटना उन्हें अपने शुरुआती रेसिंग दिनों की याद दिलाता है. उन्होंने चार साल की उम्र में कार्टिंग शुरू की थी और सात साल की उम्र से चैंपियनशिप में हिस्सा लिया. F1 में वह 71 ग्रां प्री जीत चुके हैं और 2021 से 2024 के बीच लगातार चार विश्व खिताब अपने नाम कर चुके हैं.
