ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज मेगन शुट को प्रिस्क्रिप्शन दवाओं के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का पालन नहीं करने पर दो मैचों के निलंबन की सजा मिली है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने बताया कि यह मामला उसकी Sports Science and Sports Medicine Guidelines के तहत दवा संबंधी आवश्यकताओं का पालन न करने से जुड़ा है.

निलंबन के कारण शुट ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार को नॉर्थ सिडनी ओवल में होने वाले तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में नहीं खेलेंगी. इसके अलावा वह 31 अक्टूबर को महिला बिग बैश लीग (WBBL) में एडिलेड स्ट्राइकर्स और मेलबर्न स्टार्स के बीच होने वाले मुकाबले से भी बाहर रहेंगी. यह सजा अंतरराष्ट्रीय और घरेलू, दोनों क्रिकेट पर लागू होगी.

प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवा से जुड़ा मामला नहीं

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्पष्ट किया कि उल्लंघन एक अकेली घटना से संबंधित था, जो प्रतियोगिता से बाहर हुई थी. बोर्ड के अनुसार, इसका प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं से कोई संबंध नहीं था. CA ने यह भी कहा कि वह शुट को उचित सहयोग देना जारी रखेगा, लेकिन खिलाड़ियों के लिए तय मानकों और जिम्मेदारियों पर जोर देना जरूरी है.

शुट ने निलंबन स्वीकार करते हुए माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि वह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों से अपेक्षित मानकों का पालन नहीं कर सकीं और इसके लिए उन्हें खेद है. उन्होंने यह भी माना कि खिलाड़ियों को इन दिशानिर्देशों के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जाती है और उनका पालन करना उनकी जिम्मेदारी थी.

यह कार्रवाई बांग्लादेश के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद हुई है. शुट उस सीरीज में 10 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज रही थीं और उनका गेंदबाजी औसत 7.1 रहा था.