न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने भारत के खिलाफ T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. ऑकलैंड में खेले गए सीरीज के चौथे मुकाबले में नितीश कुमार रेड्डी को आउट करते ही भारत के खिलाफ उनके विकेटों की संख्या 32 पहुंच गई. इस मामले में उन्होंने न्यूजीलैंड के ईश सोढ़ी को पीछे छोड़ा, जिनके नाम 30 विकेट हैं.

सैंटनर ने मैच में 24 रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने नितीश के अलावा अक्षर पटेल को भी पवेलियन भेजा. भारत के खिलाफ T20I में सैंटनर के नाम दो बार चार विकेट लेने का रिकॉर्ड है और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/11 रहा है.

इस प्रदर्शन के साथ सैंटनर T20I क्रिकेट में 150 विकेट पूरे करने वाले न्यूजीलैंड के केवल तीसरे खिलाड़ी भी बने. उनके अब 142 मैचों में 151 विकेट हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 23.09 रहा है और उन्होंने चार बार चार विकेट लिए हैं.

मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 259/7 का स्कोर बनाया. ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों पर 107 रन और माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंदों पर 65 रन बनाए. जवाब में जैकब डफी के चार विकेट के बाद भारत 172/9 तक ही पहुंच सका. न्यूजीलैंड ने 87 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में अपना खाता खोला, जबकि भारत अभी 3-1 से आगे है.