केरल के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ शतक जड़कर कप्तान संजू सैमसन के लिए खास अंदाज में सम्मान जताया. शतक पूरा करने के बाद अजहरुद्दीन ने अपना बल्ला कैमरे की ओर किया, जिस पर ‘Samson’ लिखा हुआ था. इसके बाद कैमरा ड्रेसिंग रूम में बैठे सैमसन की ओर गया और उनकी प्रतिक्रिया रिकॉर्ड हुई.

अजहरुद्दीन ने 57 गेंदों पर 101 रन बनाए. उन्होंने 56 गेंदों में छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया. उनकी पारी में आठ चौके और छह छक्के शामिल रहे. इस प्रदर्शन की मदद से केरल ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 268 रन बनाए.

केरल की पारी की शुरुआत अजहरुद्दीन और रोहन कुन्नुम्मल ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े. कुन्नुम्मल ने 16 गेंदों पर 35 रन बनाए. कप्तान संजू सैमसन ने भी तेज पारी खेलते हुए 21 गेंदों पर 44 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे.

विष्णु विनोद ने 11 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया. सलमान निजार 15 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि अब्दुल बासित ने सिर्फ पांच गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए. बासित ने अपनी पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाया.

हिमाचल प्रदेश की ओर से मृदुल सुरोच ने दो विकेट लिए. आर्यमान सिंह धालीवाल और अर्पित गुलरिया को एक-एक सफलता मिली.