भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीत लिया. फाइनल में टीम को मुश्किल स्थिति से निकालने में गुजरात के मोहित उल्वा की अहम भूमिका रही. 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मोहित ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन बनाए और आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत की जीत पक्की की.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फाइनल में भारत ने 338 रन के लक्ष्य का पीछा किया. मुकाबले के निर्णायक दौर में मोहित ने दबाव के बीच आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को चैंपियन बनाने में योगदान दिया. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भारतीय अंडर-19 टीम को बधाई दी और मोहित के प्रदर्शन की सराहना की.

9 साल की उम्र में शुरू हुआ क्रिकेट सफर

मोहित के पिता महेश उल्वा रेलवे के RPF विभाग में कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि करीब 9 साल की उम्र में मोहित का जामनगर की क्रिकेट अकादमी में दाखिला कराया गया था. उस समय महेश की तैनाती जामनगर में थी. मोहित ने वहां करीब छह साल तक कोच महेंद्र सिंह चौहान से प्रशिक्षण लिया.

बाद में महेश उल्वा का ट्रांसफर राजकोट हो गया. उनके मुताबिक, मोहित पिछले छह साल से राजकोट रेलवे के RDS ग्राउंड में अभ्यास कर रहा है. पिता ने बताया कि मोहित मुख्य रूप से बॉलिंग ऑलराउंडर है.

पाकिस्तान के खिलाफ 49 रन की पारी से पहले भी मोहित निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी कर चुका है. उनके पिता के अनुसार, वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10वें नंबर पर उतरकर 92 रन बना चुका है.

घर पर बनाया अभ्यास का इंतजाम

मोहित की तैयारी के लिए परिवार ने घर पर भी विशेष प्रैक्टिस सेटअप तैयार किया. वहां नेट्स और बॉलिंग मशीन लगाई गई है, जिससे वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों का अभ्यास करता है. पिता के मुताबिक, लंबे समय से की जा रही यही मेहनत पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में उसके निर्णायक प्रदर्शन की पृष्ठभूमि बनी.