भारत के अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान पर रोमांचक जीत के बाद हुए जश्न को लेकर बल्लेबाज मोहित उलवा ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि टीम का इरादा पाकिस्तान को नीचा दिखाना या जीत का जश्न विरोधी टीम को चिढ़ाने के लिए मनाना नहीं था. उनके मुताबिक भारत-पाकिस्तान मुकाबले और फाइनल के दबाव ने खिलाड़ियों की भावनाओं को अधिक आक्रामक रूप में सामने ला दिया.

उलवा ने कहा कि भारत ने ग्रुप चरण में पाकिस्तान के जश्न को भी व्यक्तिगत तौर पर नहीं लिया था. टीम ने उसे पाकिस्तान की अपनी जीत की खुशी माना था और उससे परेशान होने की कोई वजह नहीं समझी. उन्होंने कहा कि फाइनल जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने भी केवल अपनी उपलब्धि का जश्न मनाया और उस समय जो कुछ हुआ, वह स्वाभाविक था.

आखिरी गेंद पर भारत की रोमांचक जीत

भारत ने 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर एक विकेट से हराया. एक समय भारतीय टीम 42वें ओवर में 252 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी और पाकिस्तान मजबूत स्थिति में दिखाई दे रहा था. इसके बाद मनाल चौहान और उलवा ने नौवें विकेट के लिए 57 रन जोड़कर मुकाबले का रुख बदल दिया.

मनाल ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए. उनके आउट होने के बाद भारत को जीत के लिए 36 रन चाहिए थे और केवल एक विकेट बाकी था. उलवा को सी. वेंकट ने साथ दिया और नाबाद 11 रन बनाए. आखिरी ओवर में भारत को आठ रन की जरूरत थी. अंतिम गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे, लेकिन उलवा ने लेग स्पिनर अहमद हुसैन की गेंद को लॉन्ग-ऑफ के बाहर भेजकर चौका लगा दिया. वह 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर लौटे.

चौका लगाने के बाद कुछ देर ‘जोन आउट’ रहे

उलवा ने बताया कि निर्णायक चौका लगाने के तुरंत बाद उन्हें कुछ पल तक समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ. उन्होंने कहा कि उन्हें आखिरी गेंद तक भरोसा था कि वह भारत को जीत दिला सकते हैं, लेकिन गेंद सीमा रेखा के पार जाते ही वह कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए.

बाद में उन्होंने देखा कि साथी खिलाड़ी उन्हें उठाकर जश्न मना रहे हैं. इसके बाद वह भारतीय समर्थकों के पास गए, जो पूरे दिन टीम का समर्थन कर रहे थे. उलवा ने कहा कि परिवार, देश और भारत के लिए इस तरह का मुकाबला जीतना बेहद खास अनुभव है.