महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट के मैदान पर उनकी कप्तानी, विकेटकीपिंग और शांत निर्णयों के लिए जाना जाता है. लेकिन क्रिकेट में बड़ी पहचान बनाने से पहले उनका शैक्षणिक और पेशेवर सफर भी काफी अलग रहा.
रांची के स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई
धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को रांची में हुआ. उनकी शुरुआती पढ़ाई श्यामली स्थित डीएवी जवाहर विद्या मंदिर से हुई. उन्होंने इसी स्कूल से 1999 में 12वीं कक्षा पास की. स्कूल के दिनों में उनकी पहली पसंद क्रिकेट नहीं, बल्कि फुटबॉल और बैडमिंटन थी. वह स्कूल की फुटबॉल टीम में गोलकीपर थे. उनके कोच की सलाह पर उन्होंने क्रिकेट में विकेटकीपिंग शुरू की.
खड़गपुर में की TTE की नौकरी
12वीं के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों के बीच धोनी का चयन 2001 में भारतीय रेलवे में ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर यानी TTE के पद पर हुआ. उन्होंने पश्चिम बंगाल के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर 2001 से 2003 तक काम किया. क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए बाद में उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी.
कप्तान बनने के बाद कॉलेज में दाखिला
2008 में भारतीय टीम के कप्तान रहते हुए धोनी ने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में दाखिला लिया. व्यस्त क्रिकेट कार्यक्रम और लगातार विदेशी दौरों के कारण वह परीक्षाएं नहीं दे सके. इसी वजह से उनकी ग्रेजुएशन की डिग्री पूरी नहीं हो पाई.
मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक
धोनी बचपन से सेना में अधिकारी बनने की इच्छा रखते थे. नवंबर 2011 में भारतीय प्रादेशिक सेना ने उन्हें पैराशूट रेजिमेंट में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल की रैंक दी. उन्होंने 2015 में आगरा प्रशिक्षण शिविर में पांच पैराशूट जंप किए और क्वालिफाइड पैराट्रूपर बने. 2019 वनडे विश्व कप के बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अपनी बटालियन के साथ 15 दिन गश्त और गार्ड ड्यूटी भी निभाई.
