एमएस धोनी की एक दुर्लभ सोशल मीडिया पोस्ट IPL में उनके खेलने के करियर के खत्म होने के बाद प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि प्रशंसकों ने उन्हें गलत साबित कर दिया. पोस्ट के साथ उन्होंने हिंदी गीत ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ भी साझा किया.

धोनी ने लिखा, “Fans proved me wrong, no better song to accept it. maybe two versions were made so that I could commit the mistake and then accept it.” मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पोस्ट साझा किए जाने के शुरुआती 15 मिनट में इसे करीब 20 लाख लाइक्स मिल चुके थे.

यह पोस्ट उसी दिन सामने आई, जब चेन्नई सुपर किंग्स ने पुष्टि की कि धोनी अब टीम के लिए खिलाड़ी के तौर पर नहीं खेलेंगे. वह फ्रेंचाइजी के साथ मेंटर की भूमिका में जुड़े रहेंगे. पिछले कुछ वर्षों में चोटों के कारण उनका खेलने का समय कम हुआ था और 2026 IPL सत्र में वह एक भी मैच नहीं खेल सके.

वीडियो कॉल में लिया संन्यास का फैसला

CSK की सह-मालिक रूपा गुरुनाथ के मुताबिक, आगामी नीलामी से पहले खिलाड़ियों को रिटेन करने पर चर्चा के दौरान धोनी ने वीडियो कॉल में अपने फैसले की जानकारी दी. टीम की रणनीति, खिलाड़ियों को रिलीज करने और अगले सत्र की योजना पर बातचीत के बाद उन्होंने अपना नाम भी रिलीज होने वाले खिलाड़ियों की सूची में जोड़ने का सुझाव दिया. इसके बाद वीडियो कॉल अचानक डिस्कनेक्ट हो गई.

धोनी अब CSK के युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे. टीम के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा कि करीब दो दशक से फ्रेंचाइजी की यात्रा धोनी के साथ जुड़ी रही है.

धोनी ने CSK को पांच IPL खिताब और दो Champions League T20 ट्रॉफी जिताई हैं. फ्रेंचाइजी के लिए 272 मैचों में उन्होंने 5,314 रन बनाए.