भारतीय क्रिकेट में कुछ डेब्यू ऐसे रहे हैं, जिन्हें लंबे समय बाद भी याद किया जाता है. नरेंद्र हिरवानी का टेस्ट पदार्पण इसी श्रेणी में आता है. 19 साल की उम्र में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पहले ही टेस्ट में उन्होंने 16 विकेट लेकर विश्व क्रिकेट को चौंका दिया था. टेस्ट डेब्यू पर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड आज भी हिरवानी के नाम है.

डेब्यू टेस्ट में दोनों पारियों में आठ विकेट

जनवरी 1988 में मद्रास, जिसे अब चेन्नई कहा जाता है, में खेले गए इस टेस्ट में हिरवानी ने पहली पारी में 61 रन देकर आठ विकेट लिए. दूसरी पारी में उन्होंने 75 रन देकर आठ बल्लेबाजों को आउट किया. इस तरह उन्होंने मैच में 136 रन देकर कुल 16 विकेट हासिल किए और भारत की जीत में अहम योगदान दिया.

इस मैच की एक और खास बात यह थी कि दूसरी पारी में विकेटकीपर किरण मोरे ने हिरवानी की गेंदों पर पांच बल्लेबाजों को स्टम्प किया. टेस्ट की किसी एक पारी में एक गेंदबाज की गेंदों पर पांच स्टम्पिंग होना भी दुर्लभ उपलब्धि मानी जाती है.

टेस्ट डेब्यू पर विकेट लेने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के बॉब मैसी 16 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 1972 में लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ यह प्रदर्शन किया था. इंग्लैंड के फ्रेडरिक मार्टिन 1890 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 12 विकेट लेकर इस सूची में तीसरे स्थान पर रहे.

लगातार 59 ओवर गेंदबाजी का रिकॉर्ड

हिरवानी के नाम टेस्ट क्रिकेट में लगातार 59 ओवर गेंदबाजी करने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. 1990 में ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने बिना ब्रेक लिए इतने ओवर किए. इस स्पेल में उन्होंने 18 मेडन ओवर डाले और 137 रन देकर एक विकेट हासिल किया.

हिरवानी ने अपने शुरुआती चार टेस्ट में 36 विकेट लिए थे. हालांकि, विदेशी परिस्थितियों में उनका प्रदर्शन उतना प्रभावी नहीं रहा. अगले नौ टेस्ट में उन्होंने 21 विकेट लिए और उनका गेंदबाजी औसत 59 रहा. इसी दौर में अनिल कुंबले के उभार के बाद भारतीय टीम में हिरवानी के अवसर भी सीमित होते गए.

1988 से 1996 तक चले अंतरराष्ट्रीय करियर में हिरवानी ने 17 टेस्ट और 18 वनडे खेले. टेस्ट में उनके नाम 66 और वनडे में 23 विकेट हैं. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने 167 फर्स्ट क्लास मैचों में 723 विकेट लिए. 2006 में उन्होंने 23 साल लंबे फर्स्ट क्लास करियर को अलविदा कहा. इसके बाद 2008 में वह राष्ट्रीय चयन समिति का हिस्सा बने.