छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे. मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को प्रस्तावित हैं. सीरीज के सफल आयोजन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वय तेज कर दिया है.
मैच संचालन और अंतर-विभागीय तालमेल के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है. इसमें रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं.
दर्शकों को ई-टिकट स्कैन कर स्टेडियम में प्रवेश दिलाने के लिए परिसर में ओपन वाई-फाई उपलब्ध कराने की योजना है. टिकटों का वितरण ऑनलाइन होगा और टिकट पर स्टेडियम का पूरा नाम दर्ज रहेगा. टिकट धारकों को तय अनुपात में पार्किंग पास दिए जाएंगे. स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से संभाली जाएगी. बिजली की व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग करेंगे. स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग के साथ आयोजन स्थल पर एंबुलेंस तैनात करेगा. आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है.
बीएसएनएल को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है. गृह एवं अग्निशमन विभाग फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपात स्थिति में इस्तेमाल होने वाले मार्गों की व्यवस्था करेगा. स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल उपलब्धता को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं.
