रायपुर. पद्म भूषण से सम्मानित बैडमिंटन खिलाड़ी और प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद नवा रायपुर में बैडमिंटन अकादमी शुरू करेंगे. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने कहा कि अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी.

मुख्यमंत्री ने यह बात राजधानी रायपुर के जोरा में सेंध लेक सिटी और इलेशियम क्लब्स की साझेदारी घोषणा एवं अनुबंध हस्ताक्षर समारोह में कही. उन्होंने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवाओं को प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे.

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. जरूरत प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व सुविधाएं देने की है. उनके मुताबिक खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का जरिया भी हैं.

खेल अधोसंरचना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने खेलों के समग्र विकास के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. ‘खेलो इंडिया’ समेत विभिन्न योजनाओं के समन्वय से आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने और खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व आवश्यक सुविधाएं देने पर काम किया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि शहरों के साथ-साथ सुदूर क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिले.

साय ने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले वर्ष में करीब 1.65 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर लगभग 3.91 लाख हो गई. उन्होंने इसे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने वाला मंच बताया.

गोपीचंद ने खेल और स्वास्थ्य पर दिया जोर

समारोह में पुलेला गोपीचंद ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के स्वागत के लिए आभार जताया. उन्होंने नवा रायपुर के विकास और इलेशियम क्लब्स की पहल की सराहना की. गोपीचंद ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में देश में खेलों को लेकर सोच में बदलाव आया है और बच्चों की शिक्षा के साथ उनके शारीरिक विकास पर भी समान ध्यान दिया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि बच्चों को दौड़ने, कूदने और विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए. गोपीचंद के अनुसार खेलों में निवेश केवल खिलाड़ी तैयार करने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी समाज बनाने में भी योगदान देता है.

वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि अमरावती और हैदराबाद के बाद छत्तीसगढ़ में गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी शुरू होना प्रदेश के खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा.