भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. सीरीज का पहला वनडे 4 नवंबर को ऑकलैंड में खेला जाएगा. न्यूजीलैंड ने सभी पांच मुकाबलों के लिए एक ही टीम रखने के बजाय दो अलग-अलग स्क्वॉड चुने हैं. शुरुआती तीन मैचों और अंतिम दो मैचों में टीम के संयोजन में बदलाव होगा.
शुरुआती तीन वनडे के लिए 14 खिलाड़ी
मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली शुरुआती तीन वनडे की टीम में माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग शामिल हैं. टॉम लैथम को विकेटकीपर के तौर पर टीम में जगह मिली है.
रचिन रवींद्र कंधे की चोट के कारण भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे. वनडे टीम में उनकी वापसी से न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी में भी विकल्प मिलेगा.
अंतिम दो मैचों में नए चेहरे
चौथे और पांचवें वनडे के लिए चुनी गई टीम में फिन एलन और टिम सीफर्ट को शामिल किया गया है. दोनों खिलाड़ी आक्रामक टी20 बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. एलन और लॉकी फर्ग्यूसन ने न्यूजीलैंड के लिए अपना पिछला वनडे 2023 में खेला था, जबकि सीफर्ट ने लगभग 18 महीने पहले पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में वनडे मुकाबला खेला था.
अंतिम दो मैचों की टीम में सेंटनर, ब्रेसवेल, चैपमैन, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर और विल यंग को बरकरार रखा गया है. इनके अलावा क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, मिच हे और निक केली को मौका मिला है. मिच हे और टिम सीफर्ट विकेटकीपिंग विकल्प हैं.
न्यूजीलैंड ने यह बदलाव आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी को ध्यान में रखकर किए हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाना है.
चोट से उबर रहे जकारी फाउलकेस, विल ओ'रूर्के और बेन सियर्स को वनडे सीरीज के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना गया है. इन खिलाड़ियों की चोट क्रमशः हिप फ्लेक्सर, पिंडली और टखने से जुड़ी है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबले 4, 7, 10, 13 और 15 नवंबर को ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे. यह सीरीज 2027 विश्व कप की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे.
