नोवाक जोकोविच ने चाइना ओपन में जीत के साथ वापसी करते हुए पुर्तगाल के नूनो बोर्गेस को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 (7-2) से हरा दिया. विंबलडन में जुलाई में सेमीफाइनल खेलने के बाद यह उनकी पहली जीत है.

39 वर्षीय जोकोविच ने बीजिंग में अपना अपराजित रिकॉर्ड भी बरकरार रखा. चाइना ओपन में यह उनकी लगातार 30वीं जीत है. वह 2015 के बाद पहली बार इस प्रतियोगिता में खेल रहे हैं.

मैच एक घंटा 50 मिनट चला. जोकोविच ने पहला सेट 6-3 से जीता, लेकिन दूसरे सेट में उन्हें संघर्ष करना पड़ा. खेलों के बीच वह रैकेट की मदद से अपनी पीठ खींचते दिखे और दाएं कंधे के उपचार के लिए मेडिकल टाइमआउट भी लिया. इसके बावजूद उन्होंने टाईब्रेक 7-2 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया.

जोकोविच ने अगस्त में कहा था कि वह पिछले कुछ वर्षों से एक ऐसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, जो गर्म और उमस भरे मौसम में अधिक परेशानी देती है.

अगले दौर में चीनी वाइल्डकार्ड से मुकाबला

24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच दूसरे दौर में चीन के वाइल्डकार्ड खिलाड़ी बु युनचाओकेते से खेलेंगे. वह चाइना ओपन में रिकॉर्ड सातवां खिताब जीतने की कोशिश में हैं. जोकोविच ने 2009 से 2015 के बीच इस टूर्नामेंट के छह खिताब जीते थे.

महिला ड्रॉ में ब्रिटेन की केटी बौल्टर ने जापान की माई होंतामा को 6-3, 6-4 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई. अब उनका सामना चेक गणराज्य की सातवीं वरीय करोलिना मुचोवा से होगा.