2027 वनडे विश्व कप के टिकटों के लिए अब तक 11 लाख से ज्यादा आवेदन जमा हो चुके हैं. 1 अक्टूबर को शुरू हुए टिकट बैलेट में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला सबसे अधिक मांग वाला मैच बना हुआ है. टिकट बैलेट में आवेदन करने की अंतिम समय-सीमा 21 नवंबर को रात 23:59 बजे CAT तक है.

भारत के मुकाबले सबसे ज्यादा मांग में

जोहान्सबर्ग में 10 अक्टूबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान ग्रुप-स्टेज मैच के लिए 1.10 लाख से ज्यादा आवेदन मिले हैं. भारत और दक्षिण अफ्रीका के मुकाबले के लिए 92 हजार से अधिक, जबकि भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच के लिए 86 हजार से ज्यादा आवेदन दर्ज किए गए हैं.

भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा. इसके तीन दिन बाद टीम का सामना जोहान्सबर्ग में पाकिस्तान से होगा. भारत और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला भी टूर्नामेंट के सबसे प्रतीक्षित मैचों में शामिल है.

टिकट मांग के शुरुआती आंकड़ों में भारत से जुड़े मुकाबलों का दबदबा दिख रहा है. पाकिस्तान के खिलाफ 7 नवंबर को होने वाले प्री-सीडेड सुपर 7 मैच के लिए भी करीब 78 हजार आवेदन आए हैं. वहीं, 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में होने वाले फाइनल के लिए लगभग 69 हजार आवेदन मिल चुके हैं.

अफ्रीका में दो दशक बाद बड़ा ICC पुरुष आयोजन

2027 विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा. टूर्नामेंट की शुरुआत 2 अक्टूबर को नामीबिया में तीन टीमों की सुपर सीरीज से होगी, जबकि ग्रुप चरण 7 अक्टूबर से शुरू होगा. फाइनल 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खेला जाना है.

ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने शुरुआती प्रतिक्रिया को टूर्नामेंट की वैश्विक पहुंच और क्रिकेट के प्रति बढ़ती रुचि का संकेत बताया. उन्होंने कहा कि 48 घंटे से कुछ अधिक समय में 10 लाख टिकट आवेदन मिलना आयोजन के कद को दर्शाता है.

स्थानीय आयोजन समिति के CEO कोंडिसा न्ग्वेन्या ने भी शुरुआती आवेदन संख्या को वैश्विक प्रशंसकों की मजबूत रुचि का संकेत बताया. आयोजनकर्ताओं के अनुसार, बैलेट खुला रहने के दौरान आवेदन संख्या में और बढ़ोतरी हो सकती है.