पूर्व सौराष्ट्र क्रिकेटर प्रकाश भट्ट ने ढाका के मीरपुर में बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच पहले टेस्ट मैच में मैच रेफरी के तौर पर पदार्पण किया. इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में मैच रेफरी बनने वाले दूसरे भारतीय बन गए हैं. उनसे पहले पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.
भट्ट को इस साल अप्रैल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नवगठित तीन सदस्यीय इमर्जिंग पैनल ऑफ इंटरनेशनल मैच रेफरी में चुना गया था. वह इस पैनल में शामिल होने वाले पहले भारतीय हैं. ICC के एलीट पैनल में पांच मैच रेफरी हैं, जबकि इमर्जिंग पैनल के तीन रेफरी को भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में नियुक्त किया जा सकता है.
भट्ट 2007-08 सत्र से घरेलू क्रिकेट में BCCI मैच रेफरी के तौर पर काम कर रहे हैं और 2018 से IPL मैच रेफरी हैं. वह 2024 से ICC से जुड़े हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह अब तक 48 पुरुष T20I, छह पुरुष ODI, चार महिला T20I और तीन महिला ODI में रेफरी की भूमिका निभा चुके हैं.
उन्होंने 67 प्रथम श्रेणी मैचों और 64 IPL मैचों में भी मैच रेफरी के तौर पर काम किया है. खिलाड़ी के रूप में भट्ट ने 1994-95 से 2004-05 के बीच 51 प्रथम श्रेणी मैचों में 3,183 रन बनाए थे, जिसमें सात शतक शामिल हैं. उन्होंने 38 लिस्ट-ए मैचों में 1,007 रन भी बनाए.
