भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणव वेंकटेश ने UAE के अल ऐन में आयोजित FIDE World Junior Blitz Championship के ओपन वर्ग का खिताब जीत लिया. 20 वर्षीय प्रणव ने 13 राउंड में 10.5 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रहे खिलाड़ियों से पूरे एक अंक आगे रहे.
किर्गिस्तान के इंटरनेशनल मास्टर एल्दियार ओरोबायेव, आर्मेनिया के IM रॉबर्ट पिलिपोस्यान और सीरिया के FIDE मास्टर माजेन फांडी ने 9.5-9.5 अंक बनाए. ओरोबायेव दूसरे, पिलिपोस्यान तीसरे और फांडी चौथे स्थान पर रहे. उज्बेकिस्तान के GM मुखम्मदजोहिद सुयारोव, FIDE के GM एर्देम खुबुकशानोव और उज्बेकिस्तान के GM खुमोयुन बेगमिरातोव 9-9 अंकों के साथ अगले स्थानों पर रहे.
प्रणव ने ब्लिट्ज प्रतियोगिता के पहले दिन छह अंकों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों के बीच जगह बनाई थी. शेष राउंड में भी उन्होंने अपनी बढ़त बनाए रखी और अंततः अकेले शीर्ष पर रहते हुए चैंपियनशिप समाप्त की.
भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन
गर्ल्स वर्ग में भारत की WIM आमुक्ता गुंटका 13 राउंड में नौ अंक लेकर पांचवें स्थान पर रहीं. IM सविता श्री बी ने 8.5 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया. इस वर्ग का खिताब WGM वलेरिया क्लेमेनोवा ने 10 अंकों के साथ जीता. उज्बेकिस्तान की WGM अफरूजा खामदमोवा और रूस की WFM वेरोनिका इउडिना क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं.
प्रणव की ब्लिट्ज जीत विश्व जूनियर रैपिड और ब्लिट्ज प्रतियोगिता में उनके अभियान का दूसरा बड़ा परिणाम है. उन्होंने इससे पहले ओपन रैपिड वर्ग में नौ में से सात अंक लेकर रजत पदक जीता था. उज्बेकिस्तान के खुमोयुन बेगमिरातोव ने 7.5 अंकों के साथ रैपिड स्वर्ण हासिल किया. गर्ल्स रैपिड वर्ग में सविता श्री 5.5 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहीं और भारतीय खिलाड़ियों में उनका प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा.
