भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ के चुनाव में छत्तीसगढ़ के प्रशांत सिंह रघुवंशी को कोषाध्यक्ष चुना गया है. नेशनल स्पोर्ट्स कोड लागू होने के बाद हुए चुनाव में छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल संघ के तीन प्रमुख पदों में से एक पर प्रतिनिधित्व मिला है. प्रशांत कुशवाहा अध्यक्ष और विपिन दास सचिव चुने गए हैं.

रघुवंशी राष्ट्रीय खेल प्रशासन में किसी ओलंपिक खेल के राष्ट्रीय संघ के अध्यक्ष, सचिव या कोषाध्यक्ष जैसे प्रमुख पद पर पहुंचने वाले छत्तीसगढ़ के तीसरे खेल प्रशासक हैं. राज्य के खेल अधिकारियों के मुताबिक, इस पद पर उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ में कायाकिंग और कैनोइंग के विस्तार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने जीते 40 पदक

एसोसिएशन के अनुसार, राज्य के खिलाड़ियों ने पिछले चार वर्षों में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 40 पदक जीते हैं. खेल को बढ़ावा देने के लिए खिलाड़ियों को बोट और प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. राज्य एसोसिएशन के पास स्प्रिंट श्रेणी में K-1, K-2, K-4, C-1, C-2 और C-4 की आठ-आठ बोट हैं. इसके अलावा पैरा कैनो और कैनो स्लालम की दो-दो बोट उपलब्ध हैं. ड्रैगन बोट मिलने की भी जानकारी दी गई है.

खिलाड़ियों के नियमित प्रशिक्षण के लिए कोच नियुक्त किए गए हैं. जगदलपुर और दंतेवाड़ा में अकादमी शुरू कराने की पहल की जा रही है. प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस खेल के लिए सुविधाएं विकसित करने के प्रयास किए गए हैं.

रायपुर में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन

रायपुर के सेंध लेक में राष्ट्रीय जूनियर और सब-जूनियर प्रतियोगिता आयोजित की गई. इसके अलावा अस्मिता खेलो इंडिया वुमेन लीग और भारतीय कायाकिंग एवं कैनोइंग संघ की वार्षिक आमसभा का आयोजन भी रायपुर में हुआ.

छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव अभिजीत मिश्रा, सहसचिव अमरजीत छाबड़ा और डॉ. नवीन बाफना सहित अन्य पदाधिकारियों ने रघुवंशी को बधाई दी. रघुवंशी ने जिम्मेदारी के लिए संघ के पदाधिकारियों, राज्य एसोसिएशन और देशभर के खेल अधिकारियों के समर्थन के प्रति आभार जताया.