भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने Sportspersons of Outstanding Merit (एसओएम) चुनाव से पहले कथित व्हाट्सऐप प्रचार को लेकर चुनाव अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी के नाम वाले एक अकाउंट से संदेश प्रसारित होने पर मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

शिकायत के अनुसार, संदेश में ‘न्यू भारत पैनल’ के समर्थन में वोट मांगे गए थे. इसमें चार उम्मीदवारों के नाम के साथ उनके बैलेट क्रमांक और रोल नंबर भी बताए गए थे. उषा का कहना है कि यह संदेश मतदाताओं से लक्षित रूप से समर्थन मांगने का प्रयास प्रतीत होता है.

आचार संहिता के प्रावधानों का हवाला

उषा ने 30 अक्टूबर 2026 को जारी मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की धारा 1.9 का उल्लेख किया है. इस प्रावधान में उम्मीदवार के प्रचार में किसी भी प्रकार की पब्लिसिटी, नई मीडिया या सोशल नेटवर्क के इस्तेमाल को शामिल न करने की बात कही गई है.

शिकायत में धारा 1.2 और 1.3 का भी संदर्भ दिया गया है, जिनमें उम्मीदवारों से निष्पक्षता, गरिमा और संयम के साथ प्रचार करने तथा अन्य उम्मीदवारों के प्रति उचित सम्मान रखने की अपेक्षा की गई है.

मतदान से पहले निर्णय की मांग

आईओए अध्यक्ष ने चुनाव प्राधिकारियों से संदेश के तैयार होने और प्रसारित किए जाने की परिस्थितियों की जांच करने को कहा है. उन्होंने संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण लेने और उल्लंघन स्थापित होने पर चुनाव नियमों के तहत उचित कार्रवाई की मांग की है.

एसओएम चुनाव के लिए 9 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान निर्धारित है. उषा ने मतदान शुरू होने से पहले हस्तक्षेप और निर्णय की मांग की है. शिकायत के साथ व्हाट्सऐप संदेश का स्क्रीनशॉट और मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की प्रति संलग्न किए जाने की बात कही गई है.