रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर आयोजकों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई. बैठक सी-फोर भवन में आयोजित की गई, जिसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारी शामिल हुए.

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया. पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस क्षेत्र से गुजरने वाली झांकियों का मार्ग बदलने का प्रस्ताव रखा. गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने इस प्रस्ताव पर असहमति जताई और निर्धारित मार्ग बनाए रखने की बात कही.

अधिकारियों ने जर्जर भवनों के कारण सदर बाजार में अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा. चर्चा के बाद आयोजकों ने ध्वनि का स्तर निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर सहमति जताई. डीजे के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखने की बात भी तय हुई. आयोजकों ने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और एसडीआरएफ के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया.

आयोजकों को झांकियों के निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने तथा रास्ते में अनावश्यक रूप से नहीं रुकने के निर्देश दिए गए. प्रत्येक झांकी के साथ पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वालंटियर रखने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने को कहा गया.

प्रशासन ने झांकियों में नशे का सेवन नहीं करने और हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने के निर्देश भी दिए. डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमों के अनुसार करने, आपातकालीन वाहनों तथा पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने और पुलिस-यातायात अधिकारियों के निर्देश मानने को कहा गया.