रायपुर में शनिवार को खेले गए हॉकी लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स ने फाइनल में जगह बना ली है. खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी.

संस्कारधानी ने 6-3 से दर्ज की जीत

पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया. संस्कारधानी की ओर से शाहरुख ने तीन गोल किए. अरबाज अली, आर्यन ज़ेस और ओम कुमार यादव ने एक-एक गोल दागा.

न्यायधानी नाइट्स के लिए आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया. यह टूर्नामेंट में उनका 13वां गोल था. इसके साथ ही वह लीग में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए.

मुकाबले के दौरान हॉकी इंडिया के सह-सचिव फिरोज अंसारी, छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष मनीष श्रीवास्तव और लीग के ब्रांड एंबेसडर व ओलंपियन सरदारा सिंह मौजूद रहे. अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल भी मैच देखने पहुंचे.

मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला को हराया

दूसरे सेमीफाइनल में मैनपाट टाइटन्स ने बैलाडीला बुल्स को 3-1 से शिकस्त दी. मैनपाट के लिए संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया, जबकि प्रिंस भगत ने लगातार दो गोल किए. बैलाडीला की ओर से अंकित कुजूर ने मैच के आखिरी समय में गोल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.