नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज प्रस्तावित है. मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से खेले जाने हैं. तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय दर्शकों को छह दिनों के भीतर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीन मुकाबले देखने का मौका मिलेगा.

सीरीज की व्यवस्थाओं की समीक्षा मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में की गई. रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है. इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं.

दर्शकों के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध कराने की तैयारी है. ई-टिकट की स्कैनिंग में सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी. टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास दिए जाएंगे. स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्रों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. खाद्य सामग्री और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी तैयारी है.

स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा. स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी, जबकि आपातकालीन उपचार और वीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर तय किया जाएगा. फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन मार्ग की व्यवस्था भी रखी जाएगी. संबंधित विभागों को बिजली और मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.

भारतीय टीम के 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे टीम के 13 अक्टूबर को रायपुर पहुंचने की संभावना बताई गई है. इस कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम को करीब चार दिन अभ्यास का अवसर मिलेगा. टिकट बिक्री 10 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है.

इस सीरीज में स्मृति मंधाना पहली बार फुल-टाइम कप्तान के तौर पर टीम की कमान संभालेंगी. शेफाली वर्मा उप-कप्तान होंगी और पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर भी टीम में शामिल हैं.