नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच कराने की अनुमति दे दी है. ये मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाने हैं.
एनजीटी ने पहले स्टेडियम में बिना अनुमति खेल गतिविधियों पर रोक लगाई थी. अब अनुमति देते हुए ट्रिब्यूनल ने स्टेडियम प्रबंधन को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के पास ₹20 लाख जमा कराने का निर्देश दिया है. इस राशि से क्षेत्र में भूजल रिचार्ज की योजना तैयार की जाएगी.
सुनवाई के दौरान सामने आया कि मैदान के रखरखाव में प्रतिदिन करीब 828 किलोलीटर भूजल का इस्तेमाल हो रहा था. स्टेडियम में 150 किलोलीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट मौजूद है, लेकिन उपचारित पानी के उत्पादन और उपयोग का पर्याप्त विवरण प्रस्तुत नहीं किया गया था.
एनजीटी ने निर्देश दिया कि मैदान के रखरखाव में भूजल के बजाय एसटीपी से उपचारित पानी के इस्तेमाल का हर संभव प्रयास किया जाए. स्टेडियम प्रबंधन को इस संबंध में अनुपालन रिपोर्ट भी दाखिल करनी होगी. मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर 2026 को होगी.
