रायपुर में 11 अक्टूबर को सूर्या कप डबल विकेट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा. रिजवान सूर्या की ओर से आयोजित यह मुकाबला शाम 7:30 बजे सुभाष स्टेडियम में शुरू होगा. टूर्नामेंट में रायपुर और छत्तीसगढ़ समेत देशभर की 32 टीमें हिस्सा लेंगी.
यह प्रतियोगिता टेनिस बॉल क्रिकेट के डबल विकेट प्रारूप में खेली जाएगी. इस प्रारूप में खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और आपसी तालमेल पर खास जोर रहेगा. आयोजक रिजवान सूर्या के अनुसार, सूर्या कप के माध्यम से हर बार क्रिकेट प्रेमियों को कुछ नया अनुभव देने की कोशिश की जाती है. इस बार डबल विकेट प्रारूप चुने जाने से मुकाबलों में अलग तरह का रोमांच देखने को मिलेगा.
विजेता और व्यक्तिगत पुरस्कार
टूर्नामेंट की विजेता टीम को 1 लाख 11 हजार रुपए और उपविजेता टीम को 50 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा. इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 11-11 हजार रुपए दिए जाएंगे.
आयोजन में दर्शकों के लिए भी नकद पुरस्कार रखे गए हैं. हालांकि, आयोजकों ने इन पुरस्कारों की राशि और विजेताओं के चयन की प्रक्रिया की जानकारी साझा नहीं की है.
