सरगुजा जिले में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 में रायपुर ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता. प्रतियोगिता में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के 404 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. ओवरऑल रैंकिंग में दुर्ग दूसरे, बिलासपुर तीसरे, सरगुजा चौथे और बस्तर पांचवें स्थान पर रहे.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि महापौर मंजूषा भगत और अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों व टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया. महापौर ने खिलाड़ियों से हार-जीत से आगे बढ़कर खेल भावना और निरंतर मेहनत पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेना भी अपने आप में बड़ी उपलब्धि है और हार या जीत से खिलाड़ी की काबिलियत कम नहीं होती.

विभिन्न खेलों में जिलों का प्रदर्शन

बैडमिंटन के 17 वर्ष बालक और बालिका वर्ग में दुर्ग प्रथम रहा, जबकि रायपुर दोनों वर्गों में दूसरे स्थान पर रहा. 19 वर्ष बालक वर्ग में भी दुर्ग ने पहला स्थान हासिल किया. इसी आयु वर्ग के बालिका मुकाबले में बस्तर विजेता, दुर्ग उपविजेता और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा.

बास्केटबॉल के 14 और 17 वर्ष बालिका वर्ग में रायपुर ने पहला स्थान प्राप्त किया. फुटबॉल के 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर प्रथम, सरगुजा द्वितीय और दुर्ग तृतीय रहा.

सॉफ्ट टेनिस में बिलासपुर ने 14 और 17 वर्ष बालक वर्ग में पहला स्थान हासिल किया. 19 वर्ष बालक वर्ग में भी बिलासपुर विजेता रहा. बालिका वर्ग के 14, 17 और 19 वर्ष के सभी वर्गों में रायपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.

समापन समारोह में हॉली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल, उर्सुलाइन स्कूल और बिरनीबेड़ा स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी और मास्टर ऑफ सेरेमनी विकास सिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट भी आयोजित किया गया. समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षा अधिकारी, शिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे.