भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा ने बताया है कि भारतीय टीम में उनकी सबसे ज्यादा खिंचाई विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत करते हैं. रोहित ने यह बात ‘Family Full House with Rohit Sharma’ कार्यक्रम में टीम के साथियों के साथ अपने रिश्ते और मैदान के दबाव पर बातचीत के दौरान कही.
बातचीत की शुरुआत एक प्रतियोगी के सवाल से हुई. उनसे पूछा गया कि वह दबाव की स्थिति में मैदान पर जल्दी फैसले कैसे लेते हैं. रोहित ने कहा कि मुश्किल समय में खुद को शांत रखना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है. उनके मुताबिक, जब वह स्थिति को शांत दिमाग से देखते हैं तो फैसले लेना आसान हो जाता है.
रोहित ने यह भी कहा कि मैच के दौरान वह अक्सर अपनी सहज समझ और instincts पर भरोसा करते हैं. उन्होंने माना कि कोई फैसला सही था या गलत, इसका पता बाद में चलता है, लेकिन फैसला लेने के बाद वह उस पर कायम रहते हैं.
इसके बाद बातचीत टीम के भीतर होने वाली मस्ती-मजाक पर पहुंची. रोहित ने पहले कहा कि टीम में आए नए खिलाड़ी अक्सर उनकी टांग खींचते हैं. जब उनसे सबसे ज्यादा ऐसा करने वाले खिलाड़ी का नाम पूछा गया, तो उन्होंने ऋषभ पंत का नाम लिया.
रोहित ने बताया कि टीम के खिलाड़ी छोटी-छोटी गलतियों और मजेदार घटनाओं को अपने WhatsApp ग्रुप में साझा करते हैं. इससे पूरी टीम को उस घटना के बारे में पता चल जाता है और बातचीत का हिस्सा बनने का मौका मिलता है.
उन्होंने कहा कि उन्हें साथियों की ऐसी खिंचाई का बुरा नहीं लगता, क्योंकि आमतौर पर अपने लोग ही इस तरह मजाक करते हैं. रोहित ने यह भी माना कि वह खुद भी टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ इसी तरह की नोकझोंक करते हैं.
‘Family Full House with Rohit Sharma’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे Sony Entertainment Television और Sony LIV पर होता है.
