भारतीय वुशु खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी ने एशियाई खेलों में महिला सांडा 60 किग्रा वर्ग का रजत पदक जीता. जापान के आइची-नागोया में गुरुवार को हुए फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा. झांग ने दोनों राउंड 5-0 के समान स्कोर से जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया.
इस रजत के साथ रोशिबिना ने लगातार दूसरे एशियाई खेलों में पदक जीता है. उन्होंने 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में भी रजत पदक हासिल किया था. उस फाइनल में उन्हें चीन की शियाओवेई वू ने हराया था. इस बार भी भारतीय खिलाड़ी का अभियान चीनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ फाइनल हार के साथ समाप्त हुआ.
रोशिबिना ने जापान में अपने अभियान के दौरान वियतनाम की 2023 विश्व चैंपियन गुयेन थी थू थुई को हराया. फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्होंने बुधवार को सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को 2-0 से मात दी थी.
रोशिबिना का रजत एशियाई खेलों में भारत का 14वां पदक रहा. पदक तालिका में भारत के नाम एक स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक दर्ज हो गए.
रोइंग में भारत को कांस्य
गुरुवार को पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में सतनाम सिंह और सलमान खान ने कांस्य पदक जीता. भारतीय जोड़ी ने 6:13.25 का समय लिया और स्वर्ण जीतने वाली चीन की यी शूदी-नी यीदे जोड़ी से 3.48 सेकंड पीछे रही. रजत पदक जीतने वाली मेखरोजबेक मामातकुलोव-पावेल सोरिन जोड़ी से भारतीय खिलाड़ी 2.76 सेकंड पीछे रहे.
पुरुषों की सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार पदक से चूककर चौथे स्थान पर रहे. वह 500, 1000 और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर थे, लेकिन अंतिम 500 मीटर में उज्बेकिस्तान के शखबोज खोलमुरजायेव और जापान के तात्सुया सकुरामा से पीछे हो गए. बलराज ने 6:54.80 का समय दर्ज किया.
