SAFF Championship फाइनल के बाद पाकिस्तान की फुटबॉल टीम ने भारतीय खिलाड़ियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर खेलभावना की मिसाल पेश की. ढाका में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर अपना 10वां SAFF खिताब जीता. जीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी कतार में खड़े हुए और भारतीय चैंपियन टीम के लिए तालियां बजाईं.
पदक समारोह के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ मिलाए और एक-दूसरे से हाई-फाइव किया. कड़े मुकाबले के बाद मैदान पर दिखे इन दृश्यों को दोनों देशों के बीच खेल संबंधों में सम्मान और आपसी सौहार्द के सकारात्मक संकेत के तौर पर देखा गया.
भारत ने पिछड़ने के बाद दर्ज की जीत
पाकिस्तान ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में आलमगीर गाजी के गोल से बढ़त बनाई थी. भारत को 59वें मिनट में उस समय बड़ा फायदा मिला, जब खतरनाक चुनौती के लिए VAR समीक्षा के बाद जुनैद शाह को लाल कार्ड दिखाया गया.
एक खिलाड़ी कम होने के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने दबाव बढ़ाया. सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में बराबरी का गोल किया, जबकि संदीप मंडी ने 88वें मिनट में गोल कर भारत की जीत पक्की कर दी. इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार SAFF Championship खिताब अपने नाम किया.
पाकिस्तान पहली बार इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचा था. भारत ने टूर्नामेंट में अधिकतर युवा खिलाड़ियों वाली दूसरी पंक्ति की टीम उतारी थी, जिसकी कमान अंडर-23 कोच नौशाद मूसा के पास थी. फाइनल से पहले 5 नवंबर को ग्रुप चरण के मुकाबले में भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक अभिवादन किया था.
