पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की पुरुष T20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. फरहान ने सीरीज में कुल 238 रन बनाए और भारत के अभिषेक शर्मा के 229 रन के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया. अभिषेक ने इस साल अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 229 रन बनाए थे.

फरहान ने सीरीज के तीसरे और अंतिम मुकाबले में भी अर्धशतक लगाया. उन्होंने 47 गेंदों पर 76 रन बनाए, जो इस सीरीज में उनका लगातार तीसरा अर्धशतक था. तीन मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो 223 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं. ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने 217 और अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई ने 204 रन बनाए हैं.

हालांकि फरहान की पारी पाकिस्तान को मैच जिताने के लिए पर्याप्त नहीं रही. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168/8 रन बनाए. श्रीलंका ने यह लक्ष्य 17 गेंद बाकी रहते दो विकेट खोकर हासिल कर लिया. कप्तान कुसल मेंडिस ने 47 गेंदों पर नाबाद 87 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

पाकिस्तान ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली थी. उसने पहला मैच चार विकेट और दूसरा मुकाबला 82 रन से जीता था.

मैच के बाद फरहान ने कहा कि टीम ने पहले दो मुकाबलों जैसी ही रणनीति अपनाई थी और लगातार अच्छा प्रदर्शन करने पर जोर दिया. कुसल मेंडिस ने श्रीलंका की गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण और बल्लेबाजी को जीत की वजह बताया. उन्होंने पावरप्ले के बाद कामिंदु मेंडिस की बल्लेबाजी की भी सराहना की.