गुजरात के साणंद में विजयी भारत फाउंडेशन (VBF) की ओर से आयोजित ‘खेले साणंद स्पोर्ट्स उत्सव 2026’ का संस्कारधाम में समापन हुआ. 18 दिनों तक चले इस आयोजन में साणंद तालुका के सभी 105 गांवों और 150 से अधिक स्कूलों के 45 हजार से ज्यादा युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया. यह पहल 17 सितंबर को शुरू हुई थी.
आयोजकों के अनुसार, उत्सव का उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की शुरुआती पहचान करना और उनका वैज्ञानिक मूल्यांकन करना था, ताकि खिलाड़ियों को आगे चलकर उच्च स्तर की ट्रेनिंग और ओलंपिक तक पहुंचने का अवसर मिल सके. लड़कियों और लड़कों की श्रेणियों में 23 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य सहित कुल 336 पदक प्रदान किए गए.
समापन समारोह में अर्जुन पुरस्कार विजेता और टेबल टेनिस खिलाड़ी सत्येन ज्ञानशेखरन, MMA फाइटर पवन मान सिंह, क्रिकेटर वेदांत त्रिवेदी तथा VBF के निदेशक जलज दाणी, धनराज नथवाणी और दुर्गेश अग्रवाल मौजूद रहे. अतिथियों ने अंडर-17 60 मीटर फाइनल, अंडर-14 50 मीटर साइकिलिंग और अंडर-8 सॉफ्टबॉल के खिलाड़ियों से बातचीत की. उन्होंने अंडर-11 किट्स जेवलिन तथा अंडर-14 और अंडर-17 रस्साकशी के फाइनल भी देखे.
समारोह में आयोजन के शुभंकर ‘वीर’ और ‘गरवी’ का अनावरण किया गया. आयोजकों ने बताया कि ये शुभंकर खेलों के जरिये बच्चों और समुदाय को जोड़ने की अवधारणा का प्रतीक हैं.
उत्सव के दौरान कोच, स्काउट और खेल विशेषज्ञों ने प्रतिभा पहचान अभियान भी चलाया. खिलाड़ियों के शारीरिक परीक्षण के साथ सांख्यिकीय डेटा मॉडल और प्रिडिक्टिव एनालिटिक्स का इस्तेमाल किया गया. VBF के अनुसार, संस्था हाई-परफॉर्मेंस सेंटर, कम्युनिटी स्पोर्ट्स और ‘खेले साणंद’ जैसी पहलों के माध्यम से ग्रामीण गुजरात में खेल संस्कृति विकसित करने पर काम कर रही है.
