ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का 2018 का ‘सैंडपेपरगेट’ विवाद फिर चर्चा में है. पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा ‘Sabr’ में दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन टेस्ट में सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम को थी.

ख्वाजा ने यह भी आरोप लगाया कि गेंद से छेड़छाड़ का मामला केवल सीरीज के तीसरे टेस्ट तक सीमित नहीं था और दूसरे टेस्ट में भी ऐसा हुआ था. इन दावों ने उस समय ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में जानकारी के दायरे को लेकर बहस फिर छेड़ दी है.

मिचेल स्टार्क ने ख्वाजा के दावों को स्वीकार नहीं किया है. उन्होंने कहा है कि वह 2021 में पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन के साथ जारी अपने संयुक्त बयान पर कायम हैं. उस बयान में चारों तेज गेंदबाजों ने केप टाउन टेस्ट के दौरान सैंडपेपर मैदान पर ले जाए जाने और गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से इनकार किया था.

हीली ने कहा, अभी देखना चाहती हूं कि मामला कहां जाता है

स्टार्क की पत्नी और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की पूर्व कप्तान एलिसा हीली ने कहा कि इस मुद्दे पर टिप्पणी करना उनके लिए आसान नहीं है. Kayo Sports और Fox Cricket के एक कार्यक्रम में उन्होंने खुद को ‘थोड़ा दुविधा में’ बताया.

हीली ने कहा कि वह फिलहाल मामले के आगे बढ़ने और मीडिया में इसके घटनाक्रम को देखना चाहती हैं, उसके बाद ही विस्तार से प्रतिक्रिया देंगी. उन्होंने इस विवाद में नाम आने वाले लोगों के मानवीय पक्ष को भी ध्यान में रखने की अपील की और कहा कि उन्हें पुरानी मुश्किल यादों से फिर गुजरना पड़ रहा है.

2018 में क्या हुआ था

मार्च 2018 में केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरे टेस्ट के दौरान टीवी कैमरों ने कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद की सतह बदलने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा था. इसके बाद बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का निलंबन लगा था.

तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और उपकप्तान डेविड वॉर्नर को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से 12-12 महीने के लिए निलंबित किया गया था. स्मिथ को कप्तानी से हटाया गया था, जबकि वॉर्नर पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व पद संभालने की पाबंदी लगाई गई थी.

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने संकेत दिया है कि बोर्ड आठ वर्ष पुराने इस मामले की फिर से जांच खोलने में दिलचस्पी नहीं रखता. हीली ने भी इस रुख का समर्थन करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को आगे की ओर देखना चाहिए.